गाजे-बाजे के साथ गणपति बप्पा की भव्य विदाई नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक निकली शोभायात्रा, शमसाबाद के ढाई घाट पर हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज, फर्रुखाबाद :- नगर कायमगंज एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की ग्यारहवें दिन बुधवार को विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ भव्य विदाई की गई। गणपति बप्पा की विदाई को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। नगर के विभिन्न मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों से छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजाकर शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद सभी प्रतिमाओं को शमसाबाद क्षेत्र स्थित मां गंगा के ढाई घाट पर ले जाकर विधि-विधान के साथ विसर्जित किया गया। 
गणेश विसर्जन यात्रा में करीब आधा सैकड़ा छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। कहीं श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमा को अपने सिर पर रखकर ले जाते दिखाई दिए तो कहीं भक्तों ने बप्पा को गोद में उठाकर तथा आकर्षक पालकी में विराजमान कर यात्रा में शामिल किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भक्ति और उत्साह देखते ही बन रहा था। 
दिनभर रिमझिम बारिश होती रही, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। बारिश के बीच भी गणपति भक्त पूरी श्रद्धा के साथ शोभायात्रा में शामिल रहे। युवतियां एवं महिलाएं महाराष्ट्र की पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं और “मोरया रे… गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बनाती रहीं।
शोभायात्रा के दौरान डीजे की भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु जमकर थिरकते नजर आए। युवा, महिलाएं और बच्चे सभी “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारे लगाते हुए भक्ति में सराबोर दिखाई दिए। नगर के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान गणेश का स्वागत किया।
गणेश प्रतिमाओं के साथ चल रहे श्रद्धालुओं ने रास्ते भर नृत्य और जयघोष के माध्यम से अपनी आस्था व्यक्त की। बारिश के बावजूद शोभायात्रा में उमड़ी भीड़ ने यह साबित कर दिया कि भक्तों के लिए मौसम से ज्यादा महत्वपूर्ण बप्पा के प्रति उनकी श्रद्धा है।
शमसाबाद के ढाई घाट पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा के तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद गणपति बप्पा की प्रतिमाओं का गंगा में विसर्जन कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष भगवान गणेश के पुनः आगमन की कामना करते हुए “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष लगाए।
गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, उल्लास और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। देर तक गूंजते गणपति के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


