जल जीवन मिशन के दूसरे चरण में एक लाख युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, केंद्र सरकार ने किया समझौता
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
नई दिल्ली :- ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। जल जीवन मिशन के द्वितीय चरण के तहत देशभर के एक लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने प्रशिक्षण महानिदेशालय के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

नई दिल्ली स्थित केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी की उपस्थिति में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था के संचालन और रखरखाव के लिए प्रशिक्षित एवं कुशल कार्यबल तैयार करना है। इसके तहत जल शक्ति मंत्रालय ने कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के साथ साझेदारी की है, जिससे ग्रामीण जलापूर्ति सेवाओं को दीर्घकालिक और बेहतर बनाया जा सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) के माध्यम से युवाओं को जल आपूर्ति प्रणाली के संचालन, मरम्मत और रखरखाव से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस योजना के माध्यम से नल जल मित्रों का एक स्थानीय कुशल कार्यबल तैयार होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के बेहतर रखरखाव में मदद मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
केंद्र सरकार की इस पहल को ग्रामीण जलापूर्ति व्यवस्था को आत्मनिर्भर, टिकाऊ और प्रभावी बनाने के साथ-साथ युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा




