हाईटेंशन तार की चपेट में महिला की मौत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– ग्यारह हजार वोल्ट की टूटी लाइन ने बुझाया घर का चिराग, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया; परिजनों ने लाइनमैन पर ₹5 हजार मांगने का लगाया गंभीर आरोप
कायमगंज / फर्रुखाबाद :- कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मीरपुर कमुद्दीनगर में सोमवार सुबह बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के पास टूटकर जमीन पर पड़े 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 26 वर्षीय विवाहिता रागनी की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बताया गया कि गांव निवासी अनिल कुमार की 26 वर्षीय पुत्री रागनी की शादी करीब छह वर्ष पूर्व चिलाका गांव निवासी आनंद के साथ हुई थी। रागनी पिछले करीब 15 दिनों से अपने मायके आई हुई थी। सोमवार सुबह करीब सात बजे वह घर से बाहर निकली। इसी दौरान घर से लगभग 10 फीट की दूरी पर जमीन पर पड़े हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई।
परिजन आनन-फानन में रागनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक दुधमुंहा नवजात शामिल है। मां की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है।
लाइनमैन पर पांच हजार रुपये मांगने का आरोप
हादसे के बाद मृतका के परिजनों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सुबह हाईटेंशन लाइन टूटने के बाद लाइनमैन गौरव गंगवार पुत्र नन्नू निवासी लूधैया मौके पर पहुंचा था। आरोप है कि तार जोड़ने के लिए उसने पांच हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं मिलने पर वह कथित रूप से तार जोड़े बिना चला गया और बाद में आने की बात कही।
परिजनों का आरोप है कि लाइन में करंट प्रवाहित रहने के कारण कुछ ही देर बाद रागनी इसकी चपेट में आ गई। हालांकि रिश्वत मांगने के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में बिजली विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
जेई से भी मांगा जवाब
घटना के बाद परिजनों ने अवर अभियंता (जेई) कृष्णकांत से संपर्क किया। परिजनों के मुताबिक उन्हें मामले में संतोषजनक जवाब नहीं मिला। घटना को लेकर ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही कायमगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। हल्का दरोगा जयेंद्र सिंह, हमराही अनिल और महिला सिपाही अंजली चौधरी ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने और जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


