मथुरा में बड़ा हादसा: जामा मस्जिद में नमाज के दौरान गिरा गुंबद का हिस्सा, मची अफरा-तफरी, लोग बाल-बाल बचे
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
Mathura :- मथुरा के चौक बाजार स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद में बुधवार शाम करीब सात बजे अचानक गुंबद का एक हिस्सा भरभराकर गिर जाने से अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। घटना के समय मस्जिद के अंदर नमाज अदा की जा रही थी, लेकिन राहत की बात रही कि कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शी सचिन अग्रवाल ने बताया कि अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। पहले लोगों को लगा कि कोई विस्फोट हुआ है, लेकिन बाहर निकलकर देखा तो मस्जिद के गुंबद का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर चुका था। पास में दुकान चलाने वाले एक दुकानदार ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठे थे। धमाके की आवाज सुनते ही बाहर आए तो देखा कि गुंबद का हिस्सा टूटकर मस्जिद की ऊपरी छत पर गिरा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि मलबा सीधे सड़क पर गिरता तो वहां मौजूद राहगीरों और दुकानदारों को गंभीर नुकसान हो सकता था। घटना के समय बाजार में भी आवाजाही बनी हुई थी, लेकिन मलबा सड़क तक नहीं पहुंचा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण गुंबद का प्लास्टर और बाहरी हिस्सा कमजोर हो गया होगा। हालांकि, गुंबद का हिस्सा किन कारणों से गिरा, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


